पत्नी के उत्पीड़न से आहत सलमान ने गत शुक्रवार बच्चों संग लगाई थी यमुना में छलांग, दो शव मिले, तीन लापता!
कैराना। पत्नी के उत्पीड़न से आहत होकर आत्महत्या के इरादे से यमुना नदी में छलांग लगाने वाले युवक सलमान (38) और उसकी बेटी महक (12) के शव रविवार को बरामद हो गए। जबकि उसके तीन बच्चे अभी तक लापता हैं और उनकी तलाश के लिए पीएसी तथा प्राइवेट गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि बेटे को उसकी पत्नी और एक अन्य महिला समेत छह लोगों ने उत्पीड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया।
घटना विगत शुक्रवार की है, जब कस्बा कैराना के मोहल्ला अफगानान निवासी सलमान अपनी चार संतानों — बेटियां महक (12), शिफा (10), इनाया (2) और बेटा अयान (7) — के साथ यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित पुल से यमुना नदी में कूद गया था। इस कदम से पहले सलमान ने तीन वीडियो बनाकर अपनी बहन गुलिस्ता (मोहल्ला खैलकलां निवासी) को व्हाट्सएप पर भेजे थे। इन वीडियो में उसने अपने दुख और आत्महत्या के फैसले के पीछे के कारण बताए थे। वीडियो वायरल होने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी गई।
शुक्रवार से ही एसडीएम निधि भारद्वाज, एएसपी संतोष कुमार सिंह और नायब तहसीलदार सतीश यादव की निगरानी में यमुना नदी में खोज अभियान शुरू किया गया था। शनिवार तक गोताखोरों को सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह अभियान दोबारा शुरू किया गया, जिसके दौरान कांधला क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील के सामने यमुना नदी से सलमान की बेटी महक का शव बरामद हुआ। दोपहर में सलमान का शव जनपद बागपत के छपरौली थाना क्षेत्र के गांव टांडा के पास यमुना पुल के समीप मिला। दोनों शवों को पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
वहीं, सलमान की बेटियां शिफा, इनाया और बेटा अयान अब तक लापता हैं। उनके लिए गोताखोर यमुना में जुटे हैं। मृतक के पिता शफीक ने आरोप लगाया है कि बेटे की पत्नी और एक महिला समेत छह व्यक्तियों ने मिलकर सलमान को तंग किया और आत्महत्या के लिए उकसाया। बताया जाता है कि आरोपियों में चार लोग मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव जौला के निवासी हैं। वायरल वीडियो में भी सलमान ने आत्महत्या के लिए इन्हीं लोगों को जिम्मेदार बताया था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि फिलहाल दो शव बरामद हुए हैं और तीन बच्चों की तलाश जारी है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली में तहरीर को लेकर विवाद, छीना-झपटी में फटी तहरीर!
रविवार को मृतक सलमान के परिजन कोतवाली पहुंचे और छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देने की तैयारी में थे। इस तहरीर में मृतक की पत्नी एवं एक महिला समेत छह लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी बनाया गया था। इसी दौरान परिजनों में नामजद आरोपियों को लेकर मतभेद पैदा हो गया। कुछ लोग नामों में बदलाव की मांग कर रहे थे, जबकि अन्य ने मूल तहरीर को सही बताया।
विवाद बढ़ते-बढ़ते छीना-झपटी में बदल गया और पुलिस तक पहुंचने से पहले ही तहरीर फट गई। कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री ने बताया कि परिजनों के बीच मतभेद के चलते यह स्थिति बनी। तहरीर उनके पास पहुंचने से पहले ही फट चुकी थी। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और तहरीर दोबारा मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।