
कांधला में होली पर्व की धूम, रंग-गुलाल और मिठाइयों से सजा बाजार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के दिल्ली बस अड्डे पर होली पर्व को लेकर चारों ओर उत्साह और रौनक का माहौल नजर आ रहा है। बाजारों में रंग, गुलाल, पिचकारियां और बच्चों के लिए तरह-तरह की मिठाइयां तथा सजावटी सामानों की खरीददारी जोरों पर है। दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग होली पर्व की तैयारियों में व्यस्त हैं और हर कोई अपने-अपने तरीके से इस रंगों के त्यौहार को मनाने की तैयारी कर रहा है।बाजार में रंग-गुलाल के साथ-साथ बच्चों के लिए गले में पहनने वाले मीठे हारों की जबरदस्त बिक्री हो रही है। दुकानों पर लड्डू, बतासे और रंग-बिरंगी मिठाइयों से बने आकर्षक हार सजे हुए हैं, जो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। महिलाएं और बच्चे इन हारों को खरीदने के लिए दुकानों पर उमड़ रहे हैं।ये मीठे हार विशेष रूप से छोटे बच्चों के लिए खरीदे जाते हैं। होली के दिन इन्हें बच्चों के गले में पहनाया जाता है। खरीदार बिजेंद्र सिंह ने बताया कि होली के मौके पर इन मीठे हारों का धार्मिक महत्व भी होता है। परंपरा के अनुसार, बच्चों को यह हार पहनाने के बाद पूजा में शामिल किया जाता है और बाद में इन हारों को होली दहन में अर्पित किया जाता है। इससे परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है।
वहीं, व्यापारी राजेंद्र ने बताया कि लड्डू और बतासे से बने ये विशेष हार कई दिन पहले से तैयार किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी लोग इन मीठे हारों की खूब खरीददारी कर रहे हैं। ताहिर ने बताया कि बच्चे इन्हें बड़े उत्साह के साथ पहनते हैं और फिर विधि-विधान से पूजा कर होली दहन में अर्पित करते हैं। कस्बे के बाजारों में इस समय जबरदस्त रौनक देखी जा रही है। मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़, रंग-बिरंगे गुलाल और खिलौनों से सजे ठेले, ढोल-ढमाके की आवाजें सब मिलकर माहौल को पूरी तरह होलीमय बना रहे हैं। कस्बे के हर गली-मोहल्ले में उत्सव की लहर दौड़ रही है।बढ़ती भीड़ और सजी हुई मिठाइयों की दुकानों से साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार भी कांधला में होली का पर्व पूरे पारंपरिक उत्साह, भाईचारे और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।रंगों की बौछारों और मिठाइयों की खुशबू के बीच कांधला फिर एक बार होली के रंगों में पूरी तरह सराबोर दिखाई दे रहा है।