
एसपी ने संभाली कमान कांधला की सड़कों पर उतरा पुलिस बल, शांति और अमन का संदेश
* होली पर्व पर कांधला में एसपी की बड़ी पहल, फ्लैग मार्च कर लोगों से की सौहार्दपूर्ण त्योहार मनाने की अपील
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला आगामी होली पर्व को लेकर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना कांधला क्षेत्र में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पुलिस बल के साथ पैदल भ्रमण कर कस्बे के मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, आपसी सौहार्द का संदेश देना और नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और गणमान्य व्यक्तियों से संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हर समय जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है।एसपी ने लोगों से कहा कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसे पूरी श्रद्धा और परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों या भड़काऊ संदेशों पर ध्यान न दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से सख्त परहेज करने की हिदायत दी।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को पूर्ण सतर्कता, मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने, गश्त बढ़ाने और आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस प्रभावी पुलिस उपस्थिति से कस्बे में लोगों में विश्वास और सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक कांधला सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कर्मी भी उपस्थित रहे।फ्लैग मार्च के दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस की सशक्त उपस्थिति रही, जिससे आमजन में शांति और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई।