पड़ोसी पर जबरन कब्जा करने का आरोप, पीड़ित परिवार ने लगाई गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के एलम कस्बे के मोहल्ला पूर्वी आजाद नगर में पड़ोसी पर जबरन कब्जा करने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों पर घर का ताला तोड़कर जबरन ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने और जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की आस में अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।पूर्वी आजाद नगर निवासी हिमांशु उर्फ शेखर पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पड़ोसी लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं। आए दिन गाली-गलौज और धमकियों का सिलसिला जारी रहता है। आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया और जबरन अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली को आंगन में खड़ा कर उस पर खुद का ताला लगा लिया। जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई, साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई।पीड़ित ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत कई बार स्थानीय पुलिस थाने में की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज़ परिवार ने अब उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि वे लगातार भय के माहौल में जी रहे हैं और किसी भी समय बड़ी अनहोनी की आशंका है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि निर्दोष परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र में शांति का माहौल बना रहे।