पुलिस-व्यापारी संवाद: एसपी ने कहा, अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

 

सादिक सिद्दीक़ी शाह बुलेटिन.

कांधला, नगर के जैन स्थानक भवन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल, कांधला इकाई द्वारा एक सम्मान समारोह एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण के साथ हुआ। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि सहित सभी पुलिस अधिकारियों का फूलमाला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। सभागार में नगर के बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि “व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने कहा कि नगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। किसी भी व्यापारी के साथ अपराध या उत्पीड़न की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें और साइबर अपराधों से सतर्क रहें।

एएसपी सुमित शुक्ला ने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। वहीं सीओ हेमंत कुमार ने व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए और सहयोग की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर में बढ़ती भीड़भाड़, यातायात व्यवस्था और बाजार क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर व्यापारी पवन कंसल, रोहित गुप्ता, डॉ. रश्मिकांत जैन, मोहनलाल चावला, अरविंद कंसल, दीपक गुप्ता, अमन मित्तल, जहांगीर, प्रतिभा (सिमरन), सुधा तोमर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!