
अमेरिका-इजराइल के हमले के खिलाफ शिया समुदाय का प्रदर्शन
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला क्षेत्र के गांव गंगेरू में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले तथा वहां के सर्वोच्च नेता आयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई लोगों की हत्या के विरोध में शिया मुस्लिम समुदाय की ओर से एक भव्य, शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक जुलूस निकाला गया।सुबह से ही गांव की गलियां अमन और इंसाफ के नारों से गूंज उठीं। शिया मुस्लिम समाज के साथ-साथ सुन्नी समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिसने सांप्रदायिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की। जुलूस मस्जिद से शुरू होकर कर्बला तक निकाला गया, जिसमें लोगों ने विश्व शांति, इंसाफ और मानवता की हिफ़ाज़त के लिए दुआएं कीं।

जुलूस में शामिल लोगों ने ईरान के निर्दोष नागरिकों की शहादत पर गहरा दुख जताया और कहा कि दुनिया को अब हथियारों नहीं, अमन और इंसाफ की ज़रूरत है। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजराइल की नीतियों के खिलाफ ज़ोरदार नारेबाजी की।सड़क किनारे जगह-जगह पानी, शरबत और ठंडे पेय की सबीलें लगाई गईं, जिनसे जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया गया।
गांव गंगेरू के व्यापारियों, शिक्षकों और युवाओं ने भी एक स्वर में इस जुलूस का समर्थन किया और दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन में अपनी भागीदारी दिखाई। पूरे क्षेत्र में अमन, इंसाफ और एकता के संदेश गूंजते रहे।
इस अवसर पर मौलाना खुर्शीद आलम, सैयद मोहम्मद मुख्तार हुसैन, परवेज हुसैन, गुड्डू, सैफ, अब्बास, वसी हैदर, साजिद प्रधान, अब्दुल वहीद, तौसीफ हुसैन और मोहम्मद अबरार सहित बड़ी संख्या में गांव के वरिष्ठ नागरिक, युवा और समाजसेवी उपस्थित रहे।
जुलूस के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। थाना कांधला के पुलिस कर्मी लगातार गश्त करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में मुस्तैद दिखे। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने पूरा क्षेत्र संवेदनशील घोषित कर निगरानी रखी।