बुलेरो-बाइक की भीषण टक्कर, दो छात्रों की मौके पर दर्दनाक मौत, तीन गंभीर घायल

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। सोमवार की शाम क्षेत्र के -एलम बाईपास पर भीषण सड़क हादसे में दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

जनपद बागपत के गांव असारा निवासी मोईन पुत्र अब्बास, मोईन पुत्र लुकमान और उनका साथी शाहुल — तीनों दोस्त और असारा इंटर कॉलेज में इंटर के छात्र थे। सोमवार को परीक्षा देने के बाद तीनों ईद की खरीददारी के लिए कांधला बाजार आए थे। वापसी के दौरान जैसे ही वे एलम बाईपास के कट पर पहुंचे, सामने से आ रही बुलेरो गाड़ी से जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनका सामान तितर-बितर हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मोईन पुत्र अब्बास और मोईन पुत्र लुकमान को मृत घोषित कर दिया, जबकि शाहुल की हालत गंभीर बनी हुई है।

इसी हादसे में बुलेरो चालक बालेंद्र पुत्र विकास निवासी एलम और प्रदीप पुत्र शहंशाह निवासी नाला भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति चिंताजनक है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मृतकों के परिवार में हादसे की खबर सुनते ही कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!