
कैराना। शुक्रवार को जिलाधिकारी शामली अरविंद चौहान और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने कोतवाली प्रांगण स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और महिला फरियादियों से सीधा संवाद करके उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।
निरीक्षण के पश्चात डीएम अरविंद चौहान ने कहा कि शासन और प्रशासन महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार की ओर से महिला स्वावलंबन और उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति केंद्र पर महिला निरीक्षक सहित पूरे स्टाफ की तैनाती की गई है। यहां आने वाली महिला फरियादियों से फीडबैक लिया गया, जिन्होंने पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
डीएम ने आगे कहा कि जिला मुख्यालय से लेकर गांव स्तर तक के करीब आठ विभागों के अधिकारी चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं और साथ ही उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रयास से महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और स्वस्थ बनाने का लक्ष्य सफल होगा।
इस दौरान एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने भी मिशन शक्ति केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित किया गया है। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिसकर्मी गांव-गांव और स्कूलों तक पहुँचकर महिलाओं व छात्राओं से संवाद कर रहे हैं। विशेष रूप से ट्रिपल तलाक पीड़िताओं के पुनर्वास और काउंसलिंग की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
एसपी ने बताया कि महिला पुलिसकर्मियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी महिला समस्या का त्वरित समाधान हो सके। कार्यक्रम के दौरान सीओ कैराना श्याम सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।