
बिजली बिल की वसूली करने पहुंची टीम से गाली-गलौज धक्का-मुक्की का आरोप
* बकाया बिजली बिल मांगने पहुंची टीम से ‘बवाल’! गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और धमकी का आरोप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। बकाया बिजली बिल की वसूली अब कांधला की बिहार कॉलोनी में विवाद का कारण बन गई। बिल वसूलने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के सामने उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब उपभोक्ता के बेटे पर टीम के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और धमकी देने के आरोप लगे। मामला थाने तक पहुंच गया है और विद्युतकर्मी ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विद्युतकर्मी सुमित पंवार के अनुसार वह अपनी टीम के साथ उपभोक्ता दिलशाद के घर बकाया बिजली बिल जमा कराने पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान दिलशाद के बेटे नासिर ने बिल जमा करने से इनकार कर दिया। टीम द्वारा बकाया बिल जमा कराने के लिए कहने पर मामला कथित तौर पर गरमा गया।
आरोप है कि नासिर ने विद्युत टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इतना ही नहीं, दोबारा वसूली के लिए घर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप है। विद्युतकर्मी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने टीम का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया।
मौके पर बढ़ते विवाद को देखते हुए विद्युत टीम को वापस लौटना पड़ा। घटना की जानकारी विभागीय अधिकारियों को देने के बाद विद्युतकर्मी ने कांधला थाने में तहरीर दी। तहरीर में घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी कही गई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि बकाया बिल की वसूली विभागीय कार्यवाही का हिस्सा है, ऐसे में टीम के साथ अभद्रता और धमकी की घटनाओं पर कार्रवाई जरूरी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि विद्युतकर्मी की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।