पत्थर निकालते समय हुआ हादसा, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी मुनव्वर उर्फ शंभू की ट्रक के टायर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर हालत में उसे चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

गांव निवासी मोहम्मद खुर्शीद के अनुसार, सादिन का पुत्र मुनव्वर उर्फ शंभू ट्रक चालक था और रोड़ी-बजरी से भरा ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया गया कि वह उत्तराखंड से रोड़ी से भरा ट्रक लेकर जा रहा था। रास्ते में अचानक ट्रक के टायर में पत्थर फंस गया।

मुनव्वर ने ट्रक को रोककर टायर में फंसे पत्थर को निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक टायर फट गया और मुनव्वर उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मुनव्वर को तत्काल उपचार के लिए चंडीगढ़ के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मुनव्वर शादीशुदा था और अपने पीछे पत्नी तथा तीन बच्चों को छोड़ गया है। उसकी मौत से परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीण मोहम्मद खुर्शीद ने बताया कि मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा और परिवार की मदद किए जाने की मांग की है।

error: Content is protected !!