
पहले चोरी, फिर दोबारा वारदात! विद्यालय के ताले तोड़कर सिलेंडर और राशन ले उड़े चोर
* पहली चोरी के बाद अब दोबारा वारदात, रसोईघर का ताला तोड़कर दो गैस सिलेंडर समेत चावल-गेहूं ले गए चोर प्रधानाध्यापक ने कार्रवाई की मांग
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय खेड़ा-कुरतान में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ माह पहले विद्यालय में हुई चोरी के बाद अब एक बार फिर चोरों ने विद्यालय को निशाना बनाकर रसोईघर का ताला तोड़ दिया और दो गैस सिलेंडर समेत चावल व गेहूं चोरी कर ले गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विद्यालय स्टाफ में रोष है, वहीं विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
शिकायती पत्र के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को चोर विद्यालय से दो गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। घटना के संबंध में उसी समय थाना कांधला में तहरीर दी गई थी। प्रधानाध्यापक का आरोप है कि घटना के बाद अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
बताया गया कि 5 अक्टूबर की रात चोरों ने एक बार फिर विद्यालय में सेंधमारी कर दी। चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़ा और अंदर रखा दो गैस सिलेंडर, चावल तथा गेहूं चोरी कर लिया। सुबह विद्यालय पहुंचने पर रसोईघर का ताला टूटा देखकर स्टाफ के होश उड़ गए। मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई।
एक ही विद्यालय में बार-बार चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आखिर चोर लगातार विद्यालय को ही निशाना क्यों बना रहे हैं और पिछली चोरी का खुलासा नहीं होने के बाद दोबारा हुई वारदात पर जिम्मेदारों की नजर क्यों नहीं पड़ी, यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रधानाध्यापक ने संबंधित अधिकारी को शिकायती पत्र देकर दोनों चोरी की घटनाओं की जांच कराने, आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा विद्यालय से चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर जिम्मेदार अधिकारी और पुलिस कब तक कार्रवाई करते हैं।