
पुलिस को चुनौती दे रहे चोर! घर से हजारों की नकदी और मोबाइल चोरी
* चोरों के हौसले बुलंद, घर में सोता रहा परिवार और चोर ले उड़े तीन मोबाइल व 15 हजार की नकदी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बुधवार देर रात मोहल्ला रायजादगान में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए तीन मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात के दौरान परिवार के लोग घर में सोते रहे और चोर सामान समेटकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया।
मोहल्ला रायजादगान निवासी शिवकुमार ने कांधला पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और वहां रखे तीन मोबाइल फोन तथा 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी करने के बाद आरोपी चोर मौके से फरार हो गए।
सुबह चोरी का पता चलने पर परिजनों के होश उड़ गए। घर में सामान तलाशने के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एक ही रात में घर से मोबाइल और नकदी चोरी होने की घटना से मोहल्ले में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाए जाने की जरूरत है, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।
कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।