एटीएम पर झांसा देकर कार्ड बदला, खाते से उड़ाए 1.18 लाख रुपये

 

* मोबाइल पर मैसेज आते ही उड़े होश, पीड़ित ने थाने पहुंचकर लगाई कार्रवाई की गुहार

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी वेल्डिंग मिस्त्री कमल स्वामी के साथ एटीएम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे कमल को अज्ञात लोगों ने अपने झांसे में लेकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से करीब 1.18 लाख रुपये निकाल लिए गए।पीड़ित के मुताबिक वह कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गया था। इसी दौरान एटीएम के आसपास मौजूद कुछ अज्ञात लोगों ने मदद करने के बहाने उसे अपने विश्वास में लिया और कथित तौर पर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। उस समय पीड़ित को कार्ड बदले जाने की भनक तक नहीं लगी।

कुछ देर बाद मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज पहुंचा तो कमल स्वामी के होश उड़ गए। खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उसने मामले की सूचना पुलिस को दी और कांधला थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बैंक खाते से हुए लेनदेन और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!