
नारद मोह की लीला से रामलीला मंचन का भव्य शुभारंभ
* एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन, प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का दिया संदेश
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कैराना रोड स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी मंडप पंचवटी रजि. के तत्वावधान में बुधवार देर शाम रामलीला मंचन का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद अतिथियों ने भगवान श्री गणेश, मां सरस्वती, भगवान विष्णु एवं मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और रामलीला का आनंद लिया।
मुख्य अतिथि एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम ने सत्य, धर्म और न्याय की राह पर चलकर समाज के सामने आदर्श स्थापित किए, जो आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला का आयोजन तभी सार्थक होगा, जब हम प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर समाज में भाईचारा, प्रेम और समरसता कायम रखने में योगदान दें।
इसके बाद मंच पर नारद मोह की लीला का शानदार मंचन किया गया। लीला में दिखाया गया कि देवर्षि नारद को कामदेव पर विजय प्राप्त करने का अहंकार हो जाता है। वह ब्रह्मा और भगवान शिव को अपनी विजय बताते हैं और बाद में भगवान विष्णु के पास भी पहुंच जाते हैं। नारद के अहंकार को दूर करने के लिए भगवान विष्णु अपनी माया से श्रीनिवासपुर नगर की लीला रचते हैं, जहां राजा शीलनिधि अपनी पुत्री विश्वमोहिनी का स्वयंवर रचाते हैं।
विश्वमोहिनी को देखकर नारद जी उस पर मोहित हो जाते हैं और भगवान विष्णु से अपना स्वरूप देने की प्रार्थना करते हैं, ताकि वह विश्वमोहिनी से विवाह कर सकें। भगवान विष्णु अपने भक्त के अहंकार को दूर करने के लिए उन्हें वानर रूप प्रदान कर देते हैं। स्वयंवर में नारद जी को अपने वास्तविक रूप का पता चलता है और वह भगवान विष्णु से नाराज होकर उन्हें श्राप दे देते हैं।बाद में मोह का पर्दा हटने पर नारद जी को अपनी भूल का एहसास होता है और वह भगवान विष्णु से क्षमा मांगते हैं। भगवान विष्णु उन्हें क्षमा करते हुए शिव मंत्र का जाप करने की सलाह देते हैं। नारद मोह की मनमोहक लीला देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।इस दौरान लोकेश गोयल, श्याम कुमार सिंघल, प्रमोद शर्मा, राजीव जैन, रामकुमार सिंघल, तरुण अग्रवाल, राजीव गोयल, रोहित गुप्ता, नरेंद्र कुमार, अशोक माहेश्वरी, धनप्रकाश गोयल, सचिन शर्मा, राजेंद्र गुप्ता, गुलशन खन्ना, शिवम गोयल, निखिल माहेश्वरी, सिद्धार्थ जैन, अंकुश गोयल सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य व्यवस्था बनाने में मौजूद रहे।