IMG-20260820-WA0035

 

एसडीएम शिवाजी यादव समेत तहसीलदार और कोतवाली प्रभारी को स्मृति चिन्ह भेंट!

कैराना। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध शायर एवं लेखक रियासत अली ताबिश तथा वरिष्ठ पत्रकार मेहरबान अली कैरानावी ने अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर उन्हें प्रतीक चिन्ह और स्मृति चिन्ह भेंट किए तथा सफल व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

गुरुवार को रियासत अली ताबिश, मेहरबान अली कैरानावी एवं अन्य गणमान्य लोग एसडीएम कैराना के कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने उपजिलाधिकारी शिवाजी यादव को कांवड़ यात्रा के दौरान बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार तथा लेखपाल संघ की अध्यक्षा पूजा खैवाल को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए। वक्ताओं ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिवभक्तों की सुविधा, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी इंतजाम किए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन द्वारा समय रहते किए गए प्रबंधों के कारण यात्रा मार्ग पर व्यवस्था सुचारु रही और कांवड़िए सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। अधिकारियों से भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित, सामाजिक सौहार्द और धार्मिक आयोजनों के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने की अपेक्षा जताई गई।

इस अवसर पर भाजपा नेता अनिल चौहान, भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष तारिक रजा एडवोकेट, रहबर सिद्दीकी एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ज्ञात हो कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी हरियाणा, राजस्थान तथा अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर कैराना मार्ग से होकर गुजरे। कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, निगरानी और आवश्यक सुविधाओं के लिए व्यापक बंदोबस्त किए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।

error: Content is protected !!