
फोन कर घर से बुलाया, कई लोगों ने युवक को घेरकर पीटा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला, कस्बे की नई बस्ती में फोन कर घर से बुलाए गए एक युवक के साथ कई लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। अचानक हुई मारपीट से युवक में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पीड़ित युवक ने परिजनों के साथ पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार नई बस्ती निवासी नौसाद के पुत्र रहमान के पास फोन आया था। आरोप है कि फोन करने वाले लोगों ने उसे किसी काम के बहाने घर से बाहर बुलाया। जैसे ही रहमान वहां पहुंचा, कई लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के साथ काफी देर तक मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित रहमान ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित तथा परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित रहमान ने थाना कांधला में तहरीर देकर मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।थाना कांधला प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।