
रामलीला के मंच पर सजा नारद मोह, कलाकारों की अदाकारी ने लूटी वाहवाही
* रामलीला महोत्सव का भव्य आगाज, फीता काटकर चेयरमैन अरविंद संगल ने किया मंचन का शुभारंभ
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। पंजाबी धर्मशाला में मंगलवार रात श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में रामलीला महोत्सव का भव्य एवं धार्मिक माहौल में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के दौरान पूरा रामलीला पंडाल भक्तिमय वातावरण में नजर आया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंच पर प्रस्तुत की गई ‘नारद मोह’ की मनमोहक लीला ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कलाकारों के शानदार अभिनय, दमदार संवाद और भावपूर्ण प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
रामलीला महोत्सव का शुभारंभ शामली नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल ने फीता काटकर किया। इसके उपरांत भगवान श्री गणेश, मां सरस्वती एवं भगवान विष्णु की विधिवत आरती की गई। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि अरविंद संगल का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अरविंद संगल ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से रामलीला के धार्मिक प्रसंगों से प्रेरणा लेकर भगवान श्रीराम के बताए आदर्श मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
नारद मोह की लीला ने मोहा दर्शकों का मन
रामलीला महोत्सव की पहली प्रस्तुति ‘नारद मोह’ रही। मंच पर कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय, संवाद अदायगी और भाव-भंगिमाओं से पूरे प्रसंग को जीवंत कर दिया। जैसे-जैसे लीला आगे बढ़ी, दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ती गई। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। मंचन के दौरान पंडाल में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न धार्मिक एवं प्रेरणादायक प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। साथ ही क्षेत्रीय कलाकारों को मंच प्रदान कर लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में डॉ. जनेश्वर चौहान, नवरत्न लूथरा, पंकज चावला, जोगेंद्र चावला, भोला सैनी, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, सचिन गोयल, अनिल मित्तल, पवन कंसल, डॉ. विक्रम सैनी, सर्वेश वर्मा, डॉ. रणवीर सिंह, ईश्वर दयाल कंसल, घनश्याम सैनी, रणवीर गुज्जर, संजय गोयल, कुशांक चौहान, डॉ. रश्मिकांत जैन, वरुण कुमार जैन, सचिन शर्मा, बृजेश शर्मा, जय श्रीमोहन, भीम सैनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।