
दहेज की कथित प्रताड़ना के बाद विवाहिता की मौत, चार ससुरालियों पर हत्या का आरोप
* फांसी के फंदे पर झूली विवाहिता, मायके पक्ष ने चार ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। जनपद शामली के बरहमपुर दूल्हेड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष के चार लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी। मायके पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मृतका की पहचान कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल खाला पार निवासी रेशमा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक करीब चार वर्ष पहले रेशमा का निकाह बरहमपुर दूल्हेड़ा निवासी इस्तकार के साथ हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही रेशमा को ससुराल में दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने पति इस्तकार, ससुर हनीफ, देवर मुस्तफा और सास अफसाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका की मां जिन्दी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोग आए दिन परेशान करते थे और दहेज के लिए दबाव बनाया जाता था। परिजनों का दावा है कि इसी कथित प्रताड़ना के बीच रेशमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और पुलिस से मामले की तह तक पहुंचने की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार रेशमा के दो भाई हैं, जो ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उसकी चार बहनें भी हैं। रेशमा के पिता रियासत की करीब आठ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। बेटी की मौत की खबर सुनकर मायके पक्ष में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है। रेशमा की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस द्वारा सभी आरोपों और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।