घर खाली था, चोर ने मारी एंट्री! भरा गैस सिलेंडर उठाकर फरार, CCTV में कैद

 

* घर में कोई नहीं था… चोर ने अंदर घुसकर भरा सिलेंडर उड़ाया, CCTV में कैद हुई पूरी करतूत

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बे के मोहल्ला मौलानान में दिनदहाड़े गैस सिलेंडर चोरी की वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हैरानी की बात यह है कि चोर ने घर के बाहर रखा सिलेंडर नहीं, बल्कि घर के अंदर घुसकर भरा हुआ गैस सिलेंडर ही पार कर दिया। वारदात के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक सिलेंडर लेकर जाता हुआ नजर आ रहा है।

 

मोहल्ला मौलानान निवासी सादिक हसन पुत्र साबिर हसन ने कांधला थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर में भरा हुआ गैस सिलेंडर रखा था। घटना के समय बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी भी स्कूल में पढ़ाने के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान घर को सूना पाकर अज्ञात व्यक्ति अंदर दाखिल हुआ और मौका पाकर भरा हुआ गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गया।

 

जब परिवार के सदस्य वापस घर पहुंचे तो गैस सिलेंडर गायब देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर रखे सिलेंडर के गायब होने पर पहले आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद चोरी की घटना का राज खोलने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

 

सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही मामला काफी हद तक साफ हो गया। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति सिलेंडर लेकर घर से निकलता और उसे अपने सिर पर रखकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध करीब सुबह 11:30 बजे सिलेंडर लेकर वहां से निकला। सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद अब पुलिस के सामने संदिग्ध की पहचान कर उसे पकड़ने की चुनौती है।

 

दिनदहाड़े घर के अंदर से सिलेंडर चोरी होने की घटना से मोहल्ले के लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि घर में कोई मौजूद नहीं था तो चोर ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। घटना ने लोगों को अपने घरों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क कर दिया है।

 

पीड़ित सादिक हसन ने पुलिस को तहरीर देकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कराने, चोरी हुआ गैस सिलेंडर बरामद करने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही संदिग्ध को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!