हादसे की चीख से दहला जसाला कट, जिंदगी की जंग हार गया संदीप

 

* घर लौट रहा था संदीप, जसाला कट पर ट्रैक्टर ने जिंदगी छीन ली! दर्दनाक हादसे में युवक की मौत

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। मंगलवार सुबह कांधला थाना क्षेत्र के जसाला कट के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। बाइक से अपने घर बनतीखेड़ा लौट रहे शामली निवासी संदीप पुत्र जगपाल सिंह की बाइक की ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संदीप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से संदीप को आनन-फानन में कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

संदीप के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ देर पहले जो युवक घर लौटने के लिए निकला था, उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

 

कांधला थाना अध्यक्ष बच्चू सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।जसाला कट पर हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों ने प्रशासन से कट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हादसों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

error: Content is protected !!