
बाइक के नंबर ने खोली मृतक की पहचान, पेड़ से लटके युवक को देख मचा हड़कंप
* कांधला में खेत के पास पेड़ से लटका मिला युवक का शव, लावारिस बाइक ने खोला राज

सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। शामली जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के गांव खंदरावली में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत पर पहुंचे किसान को ट्यूबवेल के पास एक लावारिस बाइक और बैग दिखाई दिया। अनहोनी की आशंका में किसान ने आसपास तलाश की तो कुछ ही दूरी पर पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
गांव खंदरावली निवासी किसान रविंद्र सोमवार शाम अपने खेत पर पहुंचे थे। ट्यूबवेल के पास उन्होंने एक बाइक लावारिस हालत में खड़ी देखी। बाइक पर बैग रखा हुआ था। मामला संदिग्ध लगने पर किसान ने आसपास नजर दौड़ाई तो पास ही पेड़ से युवक का शव लटका दिखाई दिया। शव देखते ही किसान के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही कांधला थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच की और फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई तो बाइक किवाना निवासी गजेंद्र के नाम पर पंजीकृत मिली। इसके बाद मृतक की पहचान 26 वर्षीय परीक्षित निवासी किवाना के रूप में हुई।
मृतक की पहचान होते ही किवाना गांव से परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परीक्षित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि परीक्षित परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और शामली स्थित एक बैंक में फाइनेंसर का काम करता था। वह रोजाना की तरह सोमवार सुबह बैंक जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों के मुताबिक घर का बड़ा बेटा होने के कारण परीक्षित से परिवार को काफी उम्मीदें थीं। उसकी अचानक मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। छोटे भाई-बहन और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी, इन सभी बिंदुओं को लेकर पुलिस जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।