बाइक सवारों पर टूटा जुगाड़ का कहर, दो युवक गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

 

* विपरीत दिशा से आ रहे जुगाड़ ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, दोनों घायलों को जिला अस्पताल किया रेफर

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। विपरीत दिशा से आ रहे जुगाड़ ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल कांधला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टर रवि कुमार ने बताया कि दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और बेहतर उपचार के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।बताया गया कि गांव नाला निवासी मुसरलीन बाइक से कांधला से वापस अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही अक्षय ने उससे लिफ्ट ले ली। दोनों बाइक पर सवार होकर गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे गांव के समीप पहुंचे, सामने से विपरीत दिशा में आ रहे जुगाड़ ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों और ग्रामीणों ने घायलों की मदद की तथा पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल जुगाड़ को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।उधर, हादसे के बाद गांव नाला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण अक्सर हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।फिलहाल दोनों घायल जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

error: Content is protected !!