
घर गया युवक, पीछे से गायब हो गई ठेली; 12 हजार का झटका
* बड़ी नहर पटरी पर खड़ी ठेली पर चोरों की नजर, रातों-रात 12 हजार की ठेली गायब
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के रेलवे रोड स्थित बड़ी नहर पटरी के पास खड़ी एक युवक की ठेली पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। युवक रोजी-रोटी के लिए ठेली लगाकर अपना परिवार चलाता है। वह ठेली को मौके पर खड़ी कर घर गया था, लेकिन वापस लौटा तो ठेली गायब देखकर उसके होश उड़ गए।
पीड़ित के मुताबिक उसने अपनी ठेली बड़ी नहर पटरी के पास खड़ी की थी। इसके बाद वह घर चला गया। इसी दौरान अज्ञात चोर मौका देखकर ठेली लेकर फरार हो गए। वापस लौटने पर जब युवक को ठेली नहीं मिली तो उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
चोरी हुई ठेली की कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई जा रही है। ठेली गायब होने से युवक के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत थाना कांधला पुलिस को देकर ठेली बरामद कराने और चोरों का पता लगाने की मांग की है।
थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि ठेली चोरी होने के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आसपास के क्षेत्र और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अब देखना है कि पुलिस कब तक चोरी हुई ठेली का सुराग लगाकर मामले का खुलासा करती है।