कैराना कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में नशे के कारोबार शिकंजा!
ऑपरेशन सवेरा में कैराना पुलिस की कार्रवाई, 776 ग्राम स्मैक व बिना नंबर स्विफ्ट कार बरामद!
कैराना। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा: नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर’ के तहत कैराना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से तीन कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 776 ग्राम स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 1.55 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की LXI स्विफ्ट कार भी कब्जे में ले ली है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में मादक पदार्थों, नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कैराना कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई कैराना-भूरा राजबाहे की पटरी पर की गई। यहां पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एलएक्सआई स्विफ्ट कार में सवार दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अहसान उर्फ छोटू निवासी ग्राम गोगवान तथा मेहरबान निवासी ग्राम गढ़ी बेसक, थाना सनौली खुर्द, जनपद पानीपत, हरियाणा बताए।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों के कब्जे से 520 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट वाली स्विफ्ट कार को भी बरामद कर लिया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने शामली बाईपास स्थित बिजलीघर के सामने रहीस के बाग से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम मुनफैद निवासी ग्राम मंडावर बताया। उसके कब्जे से 256 ग्राम स्मैक बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, इस बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 51 लाख रुपये है।
दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 776 ग्राम स्मैक बरामद कर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
नागरिकों से पुलिस की अपील!
शामली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ में जनसहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार को समाप्त करने और जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए आम नागरिकों की सतर्कता एवं सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि संदिग्ध व्यक्तियों, नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री अथवा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने संदेश में कहा कि “नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर” बढ़ते हुए सभी को मिलकर शामली जनपद को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
