50 हजार का इनामी गैंगस्टर इनाम उर्फ धुरी पुलिस मुठभेड़ में घायल, मुकीम काला गैंग के गुर्गे पर कसा शिकंजा

खंद्रावली चौकी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद

कांधला। जनपद शामली के कांधला थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। खंद्रावली चौकी के निकट वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास कर रहे बदमाश इनाम उर्फ धुरी को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार रविवार शाम कांधला थाना पुलिस खंद्रावली चौकी के पास नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बाइक रोकने के बजाय पुलिस पर अचानक फायरिंग कर दी और तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान इनाम उर्फ धुरी पुत्र … निवासी मोहल्ला आर्यपुरी, कैराना के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई। पुलिस ने सभी बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया, पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली तथा फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की।

एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश इनाम उर्फ धुरी कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, जानलेवा हमला, लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार और अन्य गंभीर धाराओं सहित 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह जानलेवा हमले के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनाम धुरी लंबे समय से अपराध जगत में सक्रिय रहा है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई संगीन घटनाओं में उसका नाम सामने आ चुका है। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पूछताछ के दौरान उसके गैंग के अन्य सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में भी प्रशासन ने इनाम धुरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी करीब छह करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति कुर्क की थी। इसके बावजूद वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। रविवार को हुई मुठभेड़ के बाद आखिरकार पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल रही।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों, अपराधों और गैंग की गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है। साथ ही उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई तेज कर दी गई है।

error: Content is protected !!