
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, बड़ौत निवासी युवक गंभीर घायल
* टक्कर के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार, घायल को जिला अस्पताल रेफर किया
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला,।दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर गांव नानूपुरी के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बड़ौत निवासी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर मारने वाला दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बड़ौत निवासी आकाश पुत्र रमेश बाइक पर सवार होकर शामली की ओर जा रहा था। बताया गया कि जैसे ही वह गांव नानूपुरी के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। आमने-सामने हुई भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि आकाश सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा होते ही आसपास के राहगीर मौके पर जमा हो गए। सड़क पर घायल युवक को पड़ा देखकर राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के पायलट कमल कुमार ने घायल की पहचान आकाश के रूप में की और कर्मचारियों की मदद से उसे उपचार के लिए कांधला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद एंबुलेंस से घायल युवक को जिला अस्पताल भेजा गया। उधर, हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।