file_00000000def082088187fe15c694dc11

 

एवरेस्ट बेस कैंप से माउंट यूनाम तक: शंकर शर्मा की सफलता की ऊंचाइयों का सफ़र!

शामली जनपद के एलएम क्षेत्र निवासी युवा पर्वतारोही शंकर शर्मा ने एक बार फिर अपने साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए हिमाचल प्रदेश स्थित माउंट यूनाम की 6111 मीटर ऊंची चोटी पर भारत का तिरंगा फहराकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है।

इस विशेष अवसर पर शंकर शर्मा ने शिखर पर भारत के राष्ट्रीय ध्वज के साथ-साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अपने गांव के शहीद गौतम तथा एलएम नगर पंचायत की चेयरमैन रीना के फोटो वाले बैनर भी प्रदर्शित किए, जिससे उनके प्रति सम्मान और प्रेरणा का संदेश दिया।

शंकर शर्मा, विनोद कुमार के पुत्र हैं और पर्वतारोहण के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। इससे पहले वर्ष 2025 में उन्होंने विश्व प्रसिद्ध माउंट एवरेस्ट बेस कैंप (5364 मीटर) और उसी वर्ष काला पत्थर (5545 मीटर) की ऊंचाई पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर तिरंगा लहराया था।

उनकी पर्वतारोहण यात्रा की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई, जब उन्होंने दार्जिलिंग स्थित प्रतिष्ठित हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (HMI) से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स पूरा किया। इसी वर्ष उन्होंने माउंट रेनाक (5059 मीटर) पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शंकर शर्मा की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह का माहौल है और वे उन्हें प्रेरणा स्रोत के रूप में देख रहे हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी इस सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

error: Content is protected !!