
दुकान पर चाय पीता रहा युवक, बाहर से बाइक उड़ा ले गए चोर
* चाय की चुस्की लेते ही उड़ गई बाइक! जैन नर्सरी के सामने से स्प्लेंडर प्रो चोरी, तलाश में जुटी पुलिस
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जैन नर्सरी के सामने चाय की दुकान पर चाय पीने पहुंचे युवक की स्प्लेंडर प्रो बाइक चोरों ने मौका मिलते ही साफ कर दी। युवक कुछ देर बाद चाय पीकर बाहर निकला तो बाइक अपनी जगह से गायब थी। बाइक चोरी होने की खबर मिलते ही आसपास हड़कंप मच गया। पीड़ित ने आनन-फानन में कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।कस्बे के रेलवे मार्ग निवासी आदिल पुत्र मकसूद अहमद ने बताया कि मंगलवार देर रात वह अपनी स्प्लेंडर प्रो बाइक लेकर जैन नर्सरी के सामने स्थित चाय की दुकान पर पहुंचा था। बाइक दुकान के बाहर खड़ी करने के बाद वह चाय पीने चला गया। चंद मिनट बाद जब वह दुकान से बाहर आया तो वहां बाइक का नामोनिशान तक नहीं था।
बाइक गायब देखकर आदिल के होश उड़ गए। उसने आसपास की दुकानों और रास्तों पर बाइक की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पीड़ित ने कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना बताई और बाइक बरामद कराने की गुहार लगाई।सूचना मिलने के बाद पुलिस भी बाइक चोर की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस बाइक की तलाश कर रही है और मामले की जांच की जा रही है।