साढ़े चार बीघा जमीन का बैनामा, फिर भी नहीं छोड़ा कब्जा! किसान ने लगाए गंभीर आरोप

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। ग्राम असदपुर जिडाना निवासी फैसल पुत्र इनाम ने थाना कांधला में प्रार्थना पत्र देकर गढ़ी दौलत निवासी सन्नो पत्नी गय्यूर पर बैनामा की गई कृषि भूमि पर कब्जा बनाए रखने और कृषि कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस से अभिलेखों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

फैसल के अनुसार, उसने वर्ष 2024 में सन्नो से दो अलग-अलग बैनामों के माध्यम से करीब साढ़े चार बीघा कृषि भूमि खरीदी थी। पीड़ित का कहना है कि बैनामा होने के बाद भूमि का दाखिल-खारिज भी उसके पक्ष में हो चुका है। इसके बावजूद आरोप है कि सन्नो और उसके पति गय्यूर ने कथित रूप से भूमि पर कब्जा नहीं छोड़ा है।

पीड़ित का आरोप है कि जब वह या उसके परिजन खरीदी गई भूमि पर कृषि कार्य करने के लिए पहुंचते हैं तो उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौच की जाती है। आरोप है कि उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी जाती है। फैसल ने यह भी आरोप लगाया कि सन्नो द्वारा उसे और उसके परिजनों को छेड़छाड़ व दुष्कर्म जैसे गंभीर मुकदमों में झूठा फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही है।

फैसल का कहना है कि विवाद के चलते उसका परिवार भय और मानसिक तनाव में है। उसने थाना प्रभारी से बैनामा एवं दाखिल-खारिज से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने, मामले की निष्पक्ष जांच कर भूमि पर कब्जा दिलाने तथा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!