
गंदगी छोड़िए, सफाई से जुड़िए! पालिका ने चलाया अभियान
* नगर के वार्डों से लेकर बाजार और प्रमुख मार्गों तक चला विशेष सफाई अभियान
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत नगर पालिका परिषद कांधला ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शासन के निर्देश पर सोमवार को नगर के विभिन्न हिस्सों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने वार्डों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों और नालियों में व्यापक सफाई अभियान चलाकर कूड़े-कचरे का उठान एवं निस्तारण कराया।
विशेष सफाई अभियान के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही नालियों की सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया। सफाई कर्मचारियों ने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर गंदगी और कूड़े-कचरे को हटाया, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर दिखाई दी।
नगर पालिका की ओर से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपील की गई कि घरों एवं दुकानों से निकलने वाला कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और अपने आसपास गंदगी जमा न होने दें। पालिका ने साफ किया कि स्वच्छ कांधला के लिए केवल सफाई कर्मचारियों की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
नगर पालिका परिषद कांधला के अध्यक्ष हाजी नजमुल इस्लाम एवं अधिशासी अधिकारी श्रीमती पूर्णिमा ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता के साथ-साथ जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
पालिका अधिकारियों ने नगरवासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क और नाली साफ रखने की जिम्मेदारी जितनी पालिका की है, उतनी ही नागरिकों की भी है। सामूहिक सहयोग से ही कांधला को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
नगर पालिका परिषद कांधला ने स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर कांधला के निर्माण को लेकर अभियान को निरंतर गति देने का संकल्प दोहराया।