
युवाओं को नशे से बचाने की पहल, चेयरमैन नजमूल इस्लाम पहुंचे एसपी के दरबार
* कांधला में नशे के खिलाफ चेयरमैन नजमूल इस्लाम ने खोला मोर्चा, एसपी से मिलकर कहा युवाओं का भविष्य बचाइए!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में नशे को लेकर उठ रही आवाज अब पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंच गई है। कस्बे में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष हाजी नजमूल इस्लाम ने शामली पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर नशे से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग रखी। चेयरमैन की इस पहल के बाद नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कस्बे में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।नजमूल इस्लाम ने एसपी के सामने चिंता जताते हुए कहा कि नशे की गिरफ्त में आने वाले युवाओं का भविष्य बर्बाद हो सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि कांधला में नशीले पदार्थों की बिक्री और सप्लाई से जुड़ी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा जहां भी शिकायत या सूचना मिले, वहां जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।चेयरमैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। अगर समय रहते नशे के कारोबार पर लगाम नहीं लगाई गई तो इसका सीधा असर युवाओं और उनके परिवारों पर पड़ सकता है। उन्होंने कस्बे में नियमित चेकिंग बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग भी रखी।
मुलाकात के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नगरपालिका अध्यक्ष को मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी ने नशे से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही। एसपी के आश्वासन के बाद अब लोगों की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।नजमूल इस्लाम ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी सामने आती है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि कांधला के युवाओं को नशे से बचाना और कस्बे का माहौल सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
नगरपालिका अध्यक्ष की एसपी से मुलाकात के बाद नशे के मुद्दे ने कस्बे में एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ अभियान को किस तरह आगे बढ़ाता है और शिकायतों पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।