
घर में अकेले थे बुजुर्ग, संदिग्ध हालात में पंखे से लटका मिला शव
पत्नी गई थीं मायके, घर में मचा कोहराम; मोहल्ले में फैली सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

कांधला। कस्बे के मोहल्ला मौलालान में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव उनके ही घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची कांधला थाना पुलिस ने तत्काल मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान ताहिर पुत्र इलियास निवासी मोहल्ला मौलालान, कांधला के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय उनकी पत्नी जेतून अपने मायके उमर गई हुई थीं, जिसके कारण बुजुर्ग घर में अकेले थे। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर लोगों को शक हुआ। घर के अंदर देखा गया तो बुजुर्ग का शव पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों और आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने भीड़ को हटाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि मृतक के तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है।
कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मोहल्ले में इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।