
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, युवक गंभीर
* हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार, पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला, दिल्ली-सहारनपुर रोड पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी शहजादा बाइक से अपनी ससुराल गांव खंद्रावली जा रहा था। बताया गया कि जैसे ही वह दिल्ली-सहारनपुर रोड पर द गोल्ड पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शहजादा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा होते ही आसपास मौजूद राहगीर मौके पर दौड़े और घायल युवक को संभाला। लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शहजादा को उपचार के लिए कांधला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।उपनिरीक्षक ओंकार नाथ पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे को अंजाम देकर फरार हुए वाहन का पता लगाया जा सके।