ईद करीब बाजार गर्म कांधला में हर तरफ खरीदार ही खरीदार

 

 

* पवित्र रमजान माह के अंतिम चरण में ईद-उल-फितर का त्योहार नजदीक आते ही कस्बे के बाजारों में रौनक बढ़ गई है।

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। जैसे-जैस ईद-उल-फितर नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे कांधला कस्बे के बाजारों की रौनक चरम पर पहुंचती जा रही है। सुबह की पहली किरण से लेकर देर रात तक बाजारों में खरीदारों का सैलाब उमड़ रहा है। हर गली, हर दुकान पर भीड़ का ऐसा आलम है कि कदम-कदम पर जश्न जैसा माहौल नजर आ रहा है। बाजारों की चकाचौंध और रौनक ने पूरे कस्बे को त्योहार के रंग में रंग दिया है।ईद की तैयारियों को लेकर मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोग अपने परिवारों के साथ बाजारों में पहुंचकर जमकर खरीदारी कर रहे हैं। रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर फैशन का जलवा देखने को मिल रहा है, वहीं जूते-चप्पल, परफ्यूम, घड़ियां और कॉस्मेटिक की दुकानों पर भी ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक हर कोई अपने लिए खास कपड़े और सामान खरीदने में जुटा है।

टेलरों की दुकानों पर हालात और भी दिलचस्प हैं। यहां सिलाई के लिए इतनी भीड़ है कि कई टेलरों ने नए ऑर्डर लेने तक से हाथ खड़े कर दिए हैं। दिन-रात मशीनों की खटर-पटर के बीच दर्जी समय पर डिलीवरी देने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं। वहीं ड्राईफ्रूट और मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है, जहां लोग ईद पर मेहमानों की खातिरदारी के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

महिलाएं भी इस मौके पर पीछे नहीं हैं। वे घर की सजावट, नए बर्तन, कपड़े और सौंदर्य उत्पादों की खरीदारी में व्यस्त नजर आ रही हैं। बाजारों में चूड़ी, मेहंदी और ज्वेलरी की दुकानों पर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे बाजारों की चमक और भी बढ़ गई है।

दुकानदारों की मानें तो इस बार ईद का कारोबार पिछले वर्षों के मुकाबले कहीं ज्यादा बेहतर रहने की उम्मीद है। बढ़ती भीड़ और जबरदस्त बिक्री से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। बाजारों में उमड़ी यह भीड़ और उत्साह साफ बता रहा है कि कांधला में ईद का त्योहार इस बार बेहद खास और यादगार रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!