
21 कुण्डीय सहस्त्रचण्डी महायज्ञ से पहले निकली भव्य कलश यात्रा
* सैकड़ों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा, भक्तिमय माहौल में हुआ महायज्ञ का शुभारंभ
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला, । धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में शुक्रवार को पूरा कांधला सराबोर नजर आया। नगर में आयोजित होने वाले 21 कुण्डीय सहस्त्रचण्डी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं के जयकारों और भक्तिमय माहौल से नगर की गलियां गूंज उठीं।शुक्रवार को नीलकंठ महादेव एवं श्री वैष्णो देवी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले 21 कुण्डीय सहस्त्रचण्डी महायज्ञ की स्थापना से पूर्व नगर के लक्ष्मी नारायण मंदिर से विधि-विधान के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री रामलीला मैदान, कैराना रोड पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कलशों की स्थापना की गई। इस दौरान महिलाओं के सिर पर सजे कलश और श्रद्धालुओं के जयकारों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम के संयोजक परम पूज्य गुणप्रकाश चैतन्य जी महाराज ने बताया कि महायज्ञ में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वहीं श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथा व्यास दण्डी स्वामी श्री ब्रह्मानन्द सरस्वती जी महाराज के मुखारविंद से सुनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन शाम 5:30 बजे काशी जी की आरती का भव्य आयोजन होगा।कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर शशि भूषण शर्मा, मा. सोमदत्त शर्मा, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, अभिषेक शर्मा, मनोज शर्मा, लोकेश गोयल, नरेंद्र वत्स, राजकुमार प्रजापति, प्रमोद शर्मा, दीपक कौशिक, डॉ. रणबीर सिंह, नीरज गुप्ता, अशोक माहेश्वरी, प्रदीप सैनी सहित सैकड़ों महिलाएं एवं अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।