
छात्राओं से भरा ई-रिक्शा सड़क पर पलटा, आधा दर्जन से ज्यादा घायल
* खेलकूद प्रतियोगिता में जा रही थीं कक्षा 4 और 5 की छात्राएं, हादसे के बाद मची चीख-पुकार; कट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। मंगलवार को एलम कट के पास उस समय चीख-पुकार मच गई, जब स्कूली छात्राओं से भरा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में आधा दर्जन से अधिक छात्राएं घायल हो गईं। सड़क पर छात्राओं को गिरा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायल छात्राओं को ई-रिक्शा से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सभी घायल छात्राओं का कस्बे के सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है।जानकारी के अनुसार, एलम निवासी आनिया, लक्ष्मी, ईशा, अलशिका, फातिमा और अक्सा समेत कई छात्राएं ई-रिक्शा में सवार होकर एलम स्कूल नंबर दो में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने जा रही थीं। बताया गया कि इनमें ज्यादातर छात्राएं कक्षा चार और पांच की छात्राएं हैं। जैसे ही ई-रिक्शा एलम कट के पास चौराहे पर पहुंचा, तभी वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। अचानक हुए हादसे में ई-रिक्शा में सवार छात्राएं सड़क पर जा गिरीं और घायल हो गईं।ई-रिक्शा पलटते ही मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और घायल छात्राओं को संभालते हुए बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की खबर मिलते ही छात्राओं के परिजनों की चिंता बढ़ गई। अस्पताल में घायल बच्चियों का उपचार किया जा रहा है।
*कट पर सुरक्षा इंतजामों की मांग, आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार?*
घायल छात्रा के पिता नईम ने बताया कि एलम कट के पास चौराहे पर ई-रिक्शा पलटने से कई छात्राएं घायल हुई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कट और चौराहे पर चेतावनी संकेतक लगवाने की मांग की, ताकि वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित स्थान की जानकारी पहले से मिल सके और वे सावधानी बरतें।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन रास्तों से रोजाना स्कूली बच्चे गुजरते हैं, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना बेहद जरूरी है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से एलम कट पर चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय कराने की मांग की है। अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार करेंगे या समय रहते सुरक्षा के इंतजाम कराए जाएंगे?