
सफाई को लेकर सख्त हुआ प्रशासन वार्डों में अभियान तेज
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के घसोली मार्ग स्थित वार्ड नंबर 15 व वार्ड नंबर 5 में नगर पालिका ने गंदगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया। नगरपालिका अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी के सख्त निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान में सफाई कर्मियों ने सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया और पूरे क्षेत्र में जमा कूड़े के ढेरों को हटाया गया।
सफाई टीम ने नालियों में जमी गंदगी को बाहर निकालकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया, जिससे लंबे समय से परेशान स्थानीय लोगों को राहत मिली। कई जगहों पर सड़कों के किनारे पड़ी गंदगी को उठाकर पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण भी किया और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सफाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर किसी क्षेत्र में दोबारा गंदगी पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, नगर पालिका ने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लोग कूड़ा इधर-उधर फेंकने की बजाय निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि कस्बे को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। इस अभियान से क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर जागरूकता भी बढ़ी है और लोगों में सकारात्मक संदेश गया है।