
कॉलेज की दीवार टूटी, खेत में घुसा कंटेनर! गनीमत रही मौके पर नहीं थे छात्र
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मंगलवार को तेज रफ्तार कंटेनर ने ऐसा कहर बरपाया कि कांधला कॉलेज की दीवार तक टूट गई। बेकाबू कंटेनर दीवार को तोड़ता हुआ सीधे गन्ने के खेत में जा घुसा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया।
कांधला कॉलेज के समीप अचानक हुए इस हादसे से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर कॉलेज की दीवार तोड़ता हुआ खेत में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कॉलेज की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई यही कहता नजर आया कि गनीमत रही, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था।
कॉलेज के छात्र प्रेम ने बताया कि अचानक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित हो गया और कॉलेज की दीवार तोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया। जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था। अगर वहां छात्र या अन्य लोग खड़े होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से कॉलेज प्रशासन ने राहत की सांस ली।
उधर, हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। मामले में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।