रात होते ही सक्रिय हो जाते हैं चोर, कस्बे से देहात तक दहशत का माहौल!..

 

* किसानों की ट्यूबवेलों पर धावा, दीवार तोड़कर 25 मीटर केबल चोरी; आखिर कब कसेगा चोरों पर शिकंजा?

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र में शातिर चोरों ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि लोगों की रातों की नींद उड़ने लगी है। चोर एक के बाद एक चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। कभी मकानों को निशाना बनाया जा रहा है तो कभी किसानों की ट्यूबवेलों से कीमती सामान चोरी कर लिया जाता है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें न मकानों में घुसने का डर है और न ही खेतों में स्थित ट्यूबवेलों को निशाना बनाने में कोई झिझक। कस्बे से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं, शातिर चोर पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए हैं।ताजा मामला कस्बे के रेलवे मार्ग का है, जहां अज्ञात चोरों ने किसानों की ट्यूबवेलों पर धावा बोलकर हजारों रुपये का नुकसान कर दिया। गांव भारसी निवासी किसान रूपेश पुत्र ओम सिंह की रेलवे मार्ग स्थित ट्यूबवेल को चोरों ने अपना निशाना बनाया। शातिर चोरों ने पहले ट्यूबवेल की दीवार तोड़ी और फिर अंदर घुसकर करीब 25 मीटर केबल चोरी कर लिया। चोरों ने वारदात के दौरान ट्यूबवेल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। किसान जब अपनी ट्यूबवेल पर पहुंचा तो टूटी हुई दीवार और गायब केबल देखकर उसके होश उड़ गए। चोर किसान की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर मौके से फरार हो चुके थे।चोरों के हौसलों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ट्यूबवेल से चोरी करने के बाद भी उनका मन नहीं भरा। उन्होंने पड़ोस में स्थित मोहल्ला गुजरान निवासी किसान अलीम पुत्र अफसर जंग की ट्यूबवेल पर भी चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि वहां चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। एक ही इलाके में दो ट्यूबवेलों को निशाना बनाए जाने से आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया।घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित किसान ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।उधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आम आदमी अपनी मेहनत की कमाई से घर और सामान तैयार करता है, लेकिन शातिर चोर मौका मिलते ही उसे निशाना बना लेते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है। खेती में पहले ही महंगे डीजल, खाद, बीज और सिंचाई के खर्च ने किसानों की कमर तोड़ रखी है। ऐसे में ट्यूबवेलों से केबल और अन्य सामान चोरी होने से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सिंचाई की परेशानी भी झेलनी पड़ती है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि खेतों में स्थित ट्यूबवेल अक्सर आबादी से दूर होते हैं। ऐसे में चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित किसान की ओर से मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

error: Content is protected !!