
पत्नी को लेने पहुंचा दामाद, ससुराल में छिड़ा संग्राम! मारपीट का वीडियो वायरल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे दामाद की वहां ऐसी कहासुनी हुई कि मामला मारपीट तक जा पहुंचा। कांधला के मोहल्ला रामनगर में दामाद और ससुराल पक्ष के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के आरोप लगे हैं। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा में आ गया है। विवाद के दौरान पत्नी काजल को भी चोट लगने की बात सामने आई है।जानकारी के अनुसार, जनपद बागपत के गांव टिकरी निवासी सुमित अपनी पत्नी काजल को लेने कांधला स्थित ससुराल आया था। आरोप है कि पत्नी को साथ ले जाने की बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान काजल को भी चोट लगने का आरोप है।
घटना के बाद मामला और गरमा गया। काजल ने अपने पति सुमित पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कांधला थाने पहुंचकर शिकायत दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा हो रही है।
कांधला थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।