
गंदगी के खिलाफ पालिका ने खोला मोर्चा, झाड़ू लेकर मैदान में उतरी टीम!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। त्योहारों का मौसम नजदीक आते ही कांधला नगरपालिका प्रशासन एक्शन मोड में नजर आने लगा है। त्योहारों पर कहीं गंदगी की वजह से लोगों का जायका न बिगड़े और कस्बे की गलियां कूड़े-कचरे से अटी नजर न आएं, इसके लिए पालिका ने सफाई व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान स्थित वार्ड नंबर 5 में विशेष सफाई अभियान चलाकर गंदगी के खिलाफ मोर्चा खोला गया।अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू थामकर मोहल्ले की गलियों में सफाई की। जगह-जगह जमा कूड़ा-कचरा हटाया गया और नालियों की सफाई पर भी ध्यान दिया गया। लंबे समय से सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों की नजरें नगरपालिका पर टिकी रहती हैं, ऐसे में त्योहारों से पहले चलाया गया यह अभियान काफी अहम माना जा रहा है।इस दौरान नगरपालिका अधिकारी शेशील मलिक और अमरेश कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों की मौजूदगी में सफाई कर्मचारियों ने वार्ड में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अभियान चलाया।
*त्योहारों पर गंदगी का ग्रहण न लगे, इसलिए पालिका अलर्ट!*
आगामी त्योहारों को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन का विशेष जोर कस्बे की गलियों, नालियों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने पर है। त्योहारों के दौरान बाजारों और मोहल्लों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में गंदगी, दुर्गंध और नालियों की रुकावट लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पालिका प्रशासन सफाई अभियान के जरिए व्यवस्था सुधारने में जुटा है।पालिका प्रशासन की कोशिश है कि त्योहारों के दौरान कांधला की सड़कों और मोहल्लों में सफाई की चमक दिखाई दे। वहीं लोगों से भी अपील की गई कि कूड़ा सड़कों और नालियों में न डालें तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में पालिका का सहयोग करें।