
20 मार्च तक सड़क नहीं बनी तो शहर छोड़ेंगे अब बोले ईद के बाद देखेंगे सड़क पर सियासत और गरमाई
पहले “शहर छोड़ने” का दावा, अब ईद के बाद निर्माण की बात सभासद की वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।वार्ड नंबर 4 की सड़क को लेकर दिया गया बड़ा अल्टीमेटम अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। “20 मार्च तक सड़क नहीं बनी तो शहर छोड़ दूंगा” कहने वाले सभासद की अब एक नई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह कह रहे हैं“मुझे पता नहीं था कि ईद है, ईद के बाद सड़क निर्माण हो जाएगा।”इस बयान के सामने आते ही कस्बे में सियासी हलचल और तेज हो गई है। जहां पहले सभासद के वादे को लेकर सवाल उठ रहे थे, वहीं अब इस नए बयान ने लोगों को और हैरान कर दिया है। लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं“शहर छोड़ने की बात करने वाले को ये भी नहीं पता कि ईद कब है!”
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या कोई नई नहीं है। पिलखन वाली मस्जिद के सामने की सड़क लंबे समय से बदहाल है और कई बार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। यह सड़क अब भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
सभासद की इस नई सफाई के बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ता नजर आ रहा है। चर्चा है कि पहले बड़े-बड़े दावे किए गए और अब जब समय आया तो बहाने सामने आने लगे। कुछ लोग इसे “यू-टर्न” बता रहे हैं, तो कुछ सीधे तौर पर इसे “जुमलेबाजी” करार दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल होने के बाद प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स लिख रहे हैं“वादे से पलटना कोई इनसे सीखे”, तो कुछ ने कहा“अब हर काम त्योहार के बाद ही होगा क्या?”
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के बयान जनप्रतिनिधियों की विश्वसनीयता पर असर डालते हैं। जब जनता के सामने समय सीमा तय की जाती है और फिर उसे बदला जाता है, तो लोगों का भरोसा कमजोर पड़ता है।
फिलहाल, सभासद का नया दावा है कि ईद के बाद सड़क निर्माण शुरू हो जाएगा, लेकिन जनता अब सिर्फ बयान नहीं, बल्कि जमीन पर काम देखना चाहती है।अब देखने वाली बात यह होगी कि ईद के बाद सच में सड़क बनती है या फिर यह मामला एक और नए वादे के सहारे आगे बढ़ता रहेगा।