
सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु वैक्सीनेशन अभियान
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।नगर क्षेत्र में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मायावती स्कूल, कांधला में छात्र-छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की वैक्सीन लगाई गई।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, इसके प्रमुख कारणों तथा बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। टीम ने बताया कि समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच से इस बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। साथ ही छात्राओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ का सराहनीय सहयोग देखने को मिला। इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधक सतीश कुमार जैन सहित समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और टीकाकरण को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनहित में इस प्रकार के जागरूकता और वैक्सीनेशन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।