
आवारा कुत्ते का हमला: स्कूल जाते 6 वर्षीय छात्र को काटा,
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आवारा कुत्ते ने स्कूल जा रहे 6 वर्षीय मासूम छात्र पर अचानक हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि कक्षा एक का छात्र आयान (पुत्र इरफान) सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकला था। रास्ते में अचानक एक आवारा कुत्ता उस पर झपट पड़ा और काटकर घायल कर दिया। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते से छुड़ाया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन घबरा गए और घायल आयान को तुरंत कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों द्वारा एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई और उसे छुट्टी दे दी गई।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे को समय पर इलाज मिलने से खतरा टल गया है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है और उसे आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।