
नगरपालिका अध्यक्ष की इफ्तार पार्टी बनी चर्चा का विषय, दिखी शानदार रौनक
* इफ्तार पार्टी में कई खास चेहरे, भाईचारे का दिखा खूबसूरत नजारा
* 
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के बुढ़ाना मार्ग स्थित फेज गार्डन में मंगलवार को नगरपालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम द्वारा रोजा इफ्तार पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कस्बे के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, व्यापारियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे आयोजन में खास रौनक नजर आई।
इफ्तार से पूर्व ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों का जुटना शुरू हो गया था और देखते ही देखते पूरा परिसर लोगों से भर गया। अज़ान होते ही सभी ने खजूर और पानी से रोजा खोला तथा देश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और रूहानी बना रहा।
इस इफ्तार पार्टी की विशेष बात यह रही कि इसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एक साथ बैठकर रोजा इफ्तार किया। इससे आपसी एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की झलक साफ नजर आई। लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और आपसी मेलजोल को मजबूत किया।
कार्यक्रम में कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियों की उपस्थिति भी रही। इनमें चौधरी वीरेंद्र सिंह (एमएलसी एवं पूर्व मंत्री), चौधरी वाजिद अली (जिला अध्यक्ष, आरएलडी), चौधरी नाहिद हसन (विधायक, कैराना), अखिल राजेश्वर बंसल (समाजवादी पार्टी), राशिद अली (पूर्व चेयरमैन, कैराना), मियां बदरुल इस्लाम, अहमद जकरिया साहब, प्रोफेसर असीमुल इस्लाम, नावेद जंग तथा राव वारिस (पूर्व विधायक) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में मेहमानों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं। इफ्तार में परोसे गए व्यंजनों एवं मेहमाननवाजी की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कई गणमान्य व्यक्तियों ने नगरपालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रमजान का महीना प्रेम, भाईचारे और सहयोग का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में एकता को और मजबूत करने का प्रयास किया जाता है तथा आगे भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित लोगों ने इसे एक सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक आयोजन बताया, जिसकी कस्बे में व्यापक सराहना की जा रही है।