IMG-20260316-WA0214

 

तहसील मुख्यालय पर आयोजित हुई उत्तर-प्रदेश लेखपाल संघ की स्थानीय इकाई की बैठक
:-लेखपाल के विरुद्ध झूठी शिकायत करने का आरोप, शिकायतकर्ता युवक के खिलाफ कार्यवाही किये जाने की मांग

कैराना। तहसील मुख्यालय पर तैनात लेखपाल साथी लेखपाल के समर्थन में लामबंद हो गए है। उन्होंने तहसील मुख्यालय पर बैठक आयोजित करके गांव पांवटी कलां निवासी युवक पर लेखपाल का मानसिक उत्पीड़न करने, झूठी शिकायत करने तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की है। लेखपालों ने मामले से सम्बंधित ज्ञापन-पत्र एसडीएम कैराना को सौंपा है।
सोमवार को उत्तर-प्रदेश लेखपाल संघ की स्थानीय शाखा की एक आपातकाल बैठक तहसील मुख्यालय पर स्थित लेखपाल भवन में आयोजित हुई, जिसमें कैराना हलका-03 में तैनात लेखपाल लवकेश कुमार के विरुद्ध क्षेत्र के गांव पावटी कलां निवासी अमित कुमार नामक युवक द्वारा की गई शिकायत पर गम्भीरता से विचार-विमर्श किया गया। कहा कि युवक अमित कुमार ने लेखपाल को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, बैनामा हस्तांतरण रिपोर्ट को नियम विरुद्ध बदलवाने का दबाव बनाने, झूठी शिकायत करने तथा जान से मारने की धमकी देने का कार्य किया है, जिसकी लेखपाल संघ कड़े शब्दों में निंदा करता है। लेखपालों ने एक स्वर में आरोपी युवक के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने की मांग की। बैठक के पश्चात लेखपालों ने एक ज्ञापन-पत्र एसडीएम निधि भारद्वाज को सौंपा, जिसमें युवक अमित कुमार के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने का अनुरोध किया गया है। वहीं, एसडीएम ने भी मामले की जांच कराकर न्यायोचित कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया है। उधर, लेखपाल लवकेश कुमार ने भी एसडीएम कैराना को एक शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि पूर्व में जमालपुर हलके का अलिखित कार्यभार उसके पास था। इस दौरान गांव पावटी कलां निवासी रकमसिंह के द्वारा ग्राम तारापुर में स्थित भूमि का दानपात्र अपने बड़े पुत्र शिवकुमार को छोड़कर छोटे पुत्र अमित कुमार के बेटे आर्यन के पक्ष में किया गया, जबकि रकमसिंह के दोनों पुत्र उक्त भूमि पर काबिज है। उसके द्वारा प्रेषित हस्तांतरण रिपोर्ट में दानगृहिता का कब्जा सम्पूर्ण भूमि पर न होने का उल्लेख किया गया था, जिससे क्षुब्ध होकर युवक अमित कुमार ने उसके विरुद्ध झूठी शिकायत की जा रही है। लेखपाल ने आरोपी युवक के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है। इस अवसर पर लेखपाल लवकेश कुमार, अनुराग पंवार, मुज्जकिर खान, विजित पंवार, अंकित गुलियां तथा राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!