घर के बाहर से रहड़ा चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए दो युवक

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला।कस्बे के मोहल्ला मोलालान में रविवार को दिनदहाड़े एक घर के बाहर खड़ा रहड़ा चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दो अज्ञात युवक रहड़ा ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्ला मोलालान निवासी आसिफ पुत्र सागीर ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रविवार दोपहर को वह किराये पर रहड़ा लेकर घर पहुंचे थे और उसे अपने घर के बाहर खड़ा कर दिया था। इसके बाद वह किसी काम से घर के अंदर चले गए। करीब डेढ़ घंटे बाद जब वह वापस बाहर आए तो रहड़ा अपनी जगह पर नहीं मिला।

पहले उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो उसमें दो अज्ञात युवक रहड़ा ले जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवक बड़ी चालाकी से रहड़ा उठाकर वहां से फरार हो जाते हैं।

घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की चोरी की घटनाएं होना क्षेत्र में पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करता है। वहीं पीड़ित आसिफ ने बताया कि यही रहड़ा उनकी रोजी-रोटी का मुख्य साधन था और उसके चोरी हो जाने से उनके सामने परिवार के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित ने पुलिस से रहड़ा बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा

error: Content is protected !!