
दहेज के लिए ससुराल में बरपा कहर, विवाहिता से मारपीट हालत नाजुक
* पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए,कई के खिलाफ पर मुकदमा दर्ज तलाश सुरु की
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। दहेज के लालच में इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लालची ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को बेरहमी से पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर हालत में विवाहिता जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है और दिल्ली के निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता की विधवा मां की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत कई ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्र के इदरीश बैग बिहार निवासी एक विधवा महिला ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी इकरा की शादी 22 मई 2025 को कस्बा कांधला के मोहल्ला रायजादगान निवासी नदीम पुत्र यामीन के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार धूमधाम से की थी। बेटी की खुशहाल जिंदगी के सपने देखते हुए मां ने अपनी हैसियत से बढ़कर करीब 10 लाख रुपये खर्च कर दिए थे। शादी में सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, घरेलू सामान और कीमती उपहार भी दिए गए थे।
आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद दहेज के भूखे ससुरालियों का असली चेहरा सामने आ गया। दहेज लोभी ससुराल पक्ष को दिया गया सामान कम लगा और उन्होंने विवाहिता पर पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब इकरा ने मां की मजबूरी बताते हुए पैसे लाने से मना किया तो आरोपियों का गुस्सा भड़क उठा और पति नदीम व उसके परिजनों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
बताया जाता है कि मारपीट के बाद घायल इकरा ने किसी तरह फोन कर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तुरंत करनाल रेफर कर दिया। करनाल के मेडलाइन हॉस्पिटल में भी हालत नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। फिलहाल विवाहिता का इलाज दिल्ली के बीएलके निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।
पीड़िता की मां ने दहेज के लालची दामाद नदीम, यामीन, आसमा, नावेद, सबिया, सबा, सुल्ताना, आसिफ, रिजवाना, सहजाद, रेनू और फिरोज के खिलाफ अतिरिक्त दहेज मांगने और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहेज लोभियों के इस काले कारनामे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।