
अलविदा जुमे पर ग्रामीणों से मिले राजन जावला, वार्ड-15 से चुनाव लड़ने के दिए संकेत
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।पवित्र रमजान माह के आखिरी शुक्रवार अलविदा जुमे के अवसर पर क्षेत्र के गांव कनियान में अकीदत और श्रद्धा के साथ नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर अलविदा जुमे की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन तथा खुशहाली की दुआ की।
इसी दौरान राष्ट्रीय लोकदल के युवा नेता राजन जावला भी गांव कनियान पहुंचे, जहां उन्होंने नमाज के बाद क्षेत्र के बुजुर्गों, साथियों और ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और सभी को अलविदा जुमे की बधाई दी। इस मौके पर ग्रामीणों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
राजन जावला ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि रमजान का पाक महीना इंसानियत, भाईचारे और आपसी मोहब्बत का संदेश देता है। हमें इस संदेश को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज में आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि वह आने वाले समय में जिला पंचायत क्षेत्र वार्ड-15 से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता का सहयोग और आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र के विकास, सड़कों की स्थिति सुधारने, पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे।
नमाज के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर गांव के गणमान्य लोग, बुजुर्ग और युवा भी मौजूद रहे तथा सभी ने मिलकर एक-दूसरे को अलविदा जुमे की मुबारकबाद दी।