सोहनबीरी हत्याकांड: 10 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, परिजन बोले- खुलासे के बिना संतुष्ट नहीं

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव असदपुर जिड़ाना में 70 वर्षीय सोहनबीरी की हत्या के मामले में घटना के 10 दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। गन्ने के खेत में महिला का शव मिलने के बाद परिजनों ने लूट के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। अब मृतका के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

 

मृतका के पुत्र सुदेश ने बताया कि 16 अक्टूबर को गढ़ी दौलत निवासी इनाम के गन्ने के खेत से उसकी मां सोहनबीरी का शव बरामद हुआ था। परिजनों के अनुसार, महिला के कानों के जेवरात गायब थे और उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। घटना के बाद से परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बावजूद मामले का खुलासा नहीं हो सका है।

 

सुदेश ने बताया कि उसकी मां की तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिवार में दो बेटे रमेश और सुदेश थे। बड़े बेटे रमेश की करीब 16 वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। अब मां की हत्या के बाद परिवार को न्याय मिलने का इंतजार है।

 

मृतका के पुत्र सुदेश का कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा नहीं करती, तब तक परिवार संतुष्ट नहीं होगा। उसने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।

 

चार पुलिस टीमें कर रही हैं जांच

 

मामले में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि महिला की हत्या की घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!